बड़ौद के सुदवास क्षेत्र से शिवगढ़ गौशाला ले जा रहे थे गोवंश; परसुखेड़ी के ग्रामीणों ने रोका, आगर में फिर भिड़े दोनों पक्ष
आगर मालवा। गुरुवार देर रात करीब 200 गोवंश को सुदवास क्षेत्र से शिवगढ़ की गौशाला ले जाने के दौरान दो क्षेत्रों के ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया। कनाड़ मार्ग पर परसुखेड़ी के समीप ग्रामीणों ने गोवंश लेकर जा रहे लोगों को रोक दिया। उनका कहना था कि उनके क्षेत्र में पहले से बड़ी संख्या में लावारिस गोवंश घूम रहा है, इसलिए पहले उनके क्षेत्र के गोवंश को गौशाला में रखा जाए। इसके बाद दूसरे क्षेत्र से आने वाले गोवंश को गौशाला में रखा जाए।
परसुखेड़ी के समीप ग्रामीणों ने गोवंश लेकर आए लोगों को वापस लौटा दिया। इसके बाद दोनों पक्ष आगर पहुंचे। साईं मंदिर के समीप एक बार फिर विवाद हो गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और विवाद कर रहे ग्रामीणों को वहां से हटाया।
विवाद के दौरान सुदवास क्षेत्र से लाए गए करीब 200 गोवंश शहर में अलग-अलग स्थानों पर चले गए। इससे देर रात शहर में गोवंश इधर-उधर घूमते नजर आए।
मारपीट में धर्मेंद्र पिता मेहरबान सिंह राजपूत के सिर में चोट आई। धर्मेंद्र की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने पन्नालाल यादव और उसके दो अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

