आगर मालवा में शुक्रवार को उज्जैन रोड पर राधास्वामी सत्संग न्यास के समीप नीलगाय की टक्कर से स्कूटी सवार दो महिला पुलिसकर्मी घायल हो गईं। हादसे में आरक्षक वैशाली राठौर को गंभीर चोटें आई हैं। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार और सिटी स्कैन के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया। उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है और वे बेहोशी की हालत में हैं। वहीं, एएसआई एम. दिव्या तोमर को हल्की चोटें आई हैं। जिला अस्पताल में उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई गई।जानकारी के अनुसार, दोनों महिला पुलिसकर्मी स्कूटी से नवीन एसपी कार्यालय जा रही थीं। इसी दौरान राधास्वामी सत्संग न्यास के पास अचानक नीलगाय स्कूटी के सामने आ गई। स्कूटी की नीलगाय से टक्कर होने के कारण दोनों महिला पुलिसकर्मी सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। हादसे के बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया।आरक्षक वैशाली राठौर को गंभीर चोटें आने के कारण डॉक्टरों ने आवश्यक जांच और प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर करने का निर्णय लिया। वहीं, एएसआई एम. दिव्या तोमर को मामूली चोटें आने पर जिला अस्पताल में ही उपचार दिया गया। दिव्या तोमर की हाल ही में एसपी कार्यालय में पदस्थापना हुई थी।**अस्पताल पहुंचे पुलिस अधिकारी**महिला पुलिसकर्मियों के हादसे में घायल होने की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे। एसपी दिलीप सोनी, एडिशनल एसपी रवींद्र कुमार बोयट, एसडीओपी नीलम बघेल और थाना प्रभारी नागेश यादव सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और गंभीर रूप से घायल आरक्षक को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की। हादसे के बाद पुलिस विभाग में भी घटना को लेकर चिंता का माहौल रहा।

