आगर मालवा। अग्रसेन जयंती महोत्सव के छह दिवसीय आयोजन के चौथे दिन रविवार को अग्रवाल महिला मंडल की ओर से अग्रसेन वाटिका में महिलाओं और बच्चों के लिए विभिन्न कलात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता और हुनर का प्रदर्शन किया।

अग्रवाल महिला मंडल की अध्यक्ष उषा जिंदल, सचिव सविता गुप्ता और उनकी टीम के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों के लिए कक्षा अनुसार अलग-अलग प्रतियोगिताएं रखी गईं। नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी के बच्चों के लिए ‘रंग भरो’ प्रतियोगिता हुई, जिसकी संयोजक निवेदिता सिंघल और अंजू गर्ग रहीं।

कक्षा 1 से 3 के बच्चों के लिए ‘तीली से श्रृंगार बनाओ’ प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसकी संयोजक संगीता सिंघल और राजलक्ष्मी अग्रवाल थीं। कक्षा 4 और 5 के विद्यार्थियों के लिए ‘पिस्ता कार्ड डेकोरेशन’ तथा कक्षा 6 से 8 के लिए ‘पाइप क्लीनर कॉम्पीटिशन’ रखा गया। पिस्ता कार्ड डेकोरेशन की संयोजक नीलम अग्रवाल और सोनल गोयल तथा पाइप क्लीनर प्रतियोगिता की संयोजक शिल्पा कुंछल और रंजना जिंदल रहीं।

इसके साथ ही महिलाओं के लिए ‘ढोली कलश सजाने’ की प्रतियोगिता भी आयोजित हुई, जिसकी संयोजक उमा कुंछल और मंजू कुंछल रहीं। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

यह जानकारी मीडिया प्रभारी नेहा कुंछल ने दी। महोत्सव के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मुख्य अग्रसेन जयंती समारोह में सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।

